आमिर, देवल ब्यूरो ,जफराबाद। थाना क्षेत्र के किरतापुर बरना गांव में एक किसान के पंपिंग सेट पर देर रात अज्ञात अराजक तत्वों द्वारा जमकर तोड़फोड़ और चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। हमलावरों ने पथराव कर पंपिंग सेट पर लगा करकट, ईंट का घेरा और दीवार में लगे बल्बों को क्षतिग्रस्त कर दिया, साथ ही सिंचाई के उपकरण भी उठा ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, जफराबाद थाना क्षेत्र के सरैया गांव निवासी किसान प्रभात राय का सिंचाई पंपिंग सेट सटे हुए किरतापुर बरना गांव में स्थित है। रोज की तरह प्रभात राय शनिवार रात खेत का काम निपटाकर अपने घर चले गए थे। इसी दौरान देर रात कुछ अज्ञात अराजक तत्व वहां पहुंचे और पंपिंग सेट पर पथराव शुरू कर दिया।
हमलावरों ने पंपिंग सेट पर लगे करकट को तोड़ दिया तथा पेड़ों के घेरे में लगाए गए ईंट के चट्टे को गिराकर क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके अलावा दीवार में लगे दो एलईडी बल्ब और उनके होल्डर भी तोड़ दिए। जाते-जाते अराजक तत्व बाहर रखे दो फावड़े, दो कुदाल और दो सिंचाई पाइप भी उठा ले गए।
रविवार तड़के जब प्रभात राय का बेटा विकास राय पंपिंग सेट पर पहुंचा तो वहां का नजारा देखकर हैरान रह गया। चारों ओर टूटी ईंटें, बिखरा करकट और क्षतिग्रस्त सामान पड़ा था। घटना की जानकारी मिलते ही उसने तत्काल डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचित किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल की।
पीड़ित किसान प्रभात राय ने रविवार दोपहर जफराबाद थाने पहुंचकर लिखित तहरीर दी और अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस घटना से किसान को आर्थिक नुकसान हुआ है और वह दहशत में है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष जफराबाद श्री प्रकाश शुक्ल ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। हल्का दरोगा को मौके पर भेजकर जांच कराई जा रही है। तहरीर के आधार पर मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।