आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के मीरपुर मोहल्ले में रविवार सुबह जमीन विवाद को लेकर दबंगों द्वारा एक युवक पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हमलावरों ने युवक को बातचीत के बहाने घर बुलाकर चाकू, लाठी और डंडों से बेरहमी से पीट दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों, महिलाओं और बुजुर्गों को भी नहीं बख्शा गया। घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक युवक की हालत नाजुक होने पर उसे ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 8:30 बजे सावन कुमार मौर्य (20) पुत्र जय सिंह मौर्य अपने घर पर मौजूद थे। इसी दौरान एक व्यक्ति चल रहे विवाद को बातचीत से सुलझाने के बहाने उन्हें विपक्षी पक्ष के घर ले गया। आरोप है कि जैसे ही सावन वहां पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने उन पर चाकू, लाठी और डंडों से हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सावन के परिजन मौके पर पहुंचे तो हमलावरों ने उन पर भी जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में सावन की मां किरण देवी, नानी प्रेम देवी (75) पत्नी शिवाजी मौर्य, नीरज मौर्य और धीरज मौर्य भी गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी घायल जमीन पर गिरकर तड़पते रहे, जबकि बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद होकर भी तमाशबीन बने रहे। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
परिजनों और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि किरण देवी का हाथ और पैर दोनों टूट गए हैं। अन्य घायलों की भी हड्डियां टूटने की बात सामने आई है। सावन कुमार मौर्य को गंभीर चोटें लगने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि यह पूरा विवाद प्रेम देवी के नाम दर्ज एक कीमती जमीन को लेकर है, जिसे दबंग पक्ष जबरन कब्जा करना चाहता है। पीड़िता किरण देवी का आरोप है कि यह विवाद पिछले ढाई साल से चल रहा है और इस दौरान कई बार उनके परिवार पर हमले किए जा चुके हैं। उनका कहना है कि पहले दर्ज मामलों में पुलिस द्वारा हल्की धाराओं में कार्रवाई किए जाने के कारण आरोपियों के हौसले बुलंद हो गए और आज इतनी बड़ी घटना हो गई।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शाहगंज-जौनपुर मार्ग स्थित चौकियां चौराहे के पास चक्का जाम कर दिया और दबंगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन बाधित हो गया। पुलिस मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने में जुटी रही।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री और शहरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक गिरीश चंद यादव जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। कुछ ही देर में जिलाधिकारी, एसपी सिटी समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार को हर संभव मदद और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान घायलों के मोबाइल फोन छीन लिए और एक बाइक को भी तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया। क्षेत्र में लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से स्थानीय लोग दहशत में हैं और पुलिस से ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।