ग्राउंड जीरो पर खुद उतरे पुलिस कमिश्नर- 209 अतिक्रमण चिन्हित, 19 लोगों पर गिरी कानूनी गाज
देवल संवादाता,वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शनिवार को शहर की सुगम यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने अंधरापुल से मरी माई तिराहा, सिगरा चौराहा, रथयात्रा, गुरुबाग, लंका और रविदास गेट, मालवीय चौराहा व बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर तिराहे तक पैदल गश्त की।
इस बीच 209 स्थानों से अतिक्रमण हटाया गया और 19 लोगों पर थानों में प्राथमिकी दर्ज की गई। गलत दिशा में वाहन चलाने, बिना नंबर प्लेट वाहनों और गलत बारकोड व रूट पर संचालित ई-रिक्शा/ऑटो के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि अभियान के तहत 974 वाहनों का चालान, 15 वाहन सीज, 58 बिना नंबर प्लेट वाहनों पर कार्रवाई, 45 ई-रिक्शा व ऑटो सीज व 404 के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। एक जनवरी से अब तक गुमशुदा 30 व्यक्तियों को बरामद किया गया।
दो दिन में नौ लोगों पर अतिक्रमण के आरोप में प्राथमिकी दर्ज
अतिक्रमण के खिलाफ दशाश्वमेध थाना पुलिस ने अभियान के दौरान दो दिनों में नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। राजेंद्र घाट आवागमन मार्ग पर दुकान लगाकर रास्ता बाधित करने के आरोप में दुकानदार अंजनी पांडेय, राजेंद्र घाट पर पानी का काउंटर लगाकर बेच रहे रोशनलाल निवासी लक्ष्मणपुरा गोदौलिया, दशाश्मेध मार्ग पर लकड़ी का खिलौना सड़क पर बेचने और आवागमन बाधित करने के आरोप में राजेश कुमार गुप्ता निवासी नवाबगंज दुर्गाकुंड के खिलाफ दशाश्वमेध पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। वहीं, शुक्रवार को छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई थी। थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों को कई बार समझाया गया था।