आमिर, देवल ब्यूरो ,चंदवक, जौनपुर। औड़िहार–जौनपुर रेल प्रखंड पर पूरनपुर गांव के सामने आवागमन बंद किए जाने से नाराज ग्रामीणों ने अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी को संबोधित ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन पूर्वांचल किसान संगठन के नेता अजीत सिंह के नेतृत्व में डोभी रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर आनंद सिंह को दिया गया।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि पूरनपुर गांव के सामने से दशकों से दर्जनों गांवों की हजारों की आबादी का आवागमन होता रहा है। चंदवक, बगेरवा, पूरनपुर, कैथौली, लोकपट्टी सहित आसपास के कई गांवों के लोग इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। लोगों की सुविधा के लिए संबंधित विभागों द्वारा यहां तक पक्की सड़क का निर्माण भी कराया गया है, लेकिन लगभग एक सप्ताह पूर्व रेल विभाग ने वहां लोहे का गार्डर लगाकर रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि रास्ता बंद होने के कारण उन्हें लंबा चक्कर लगाकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है, जिससे समय और श्रम दोनों की बर्बादी हो रही है। इसी समस्या से आक्रोशित होकर चार दिन पहले ग्रामीणों ने किसान नेता अजीत सिंह के नेतृत्व में मौके पर प्रदर्शन भी किया था और अंडरपास बनाने की मांग उठाई थी।
ग्रामीणों के प्रदर्शन को संज्ञान में लेते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर सीनियर सेक्शन इंजीनियर कार्य, औड़िहार संजीत कुमार ने शनिवार को स्थल का निरीक्षण किया और नाप-जोख की। इस दौरान ग्रामीणों ने एक स्वर में अंडरपास निर्माण की मांग दोहराई और कहा कि यही स्थायी समाधान है, जिससे लोगों का आवागमन सुगम हो सके।
ज्ञापन सौंपते समय ग्रामीणों ने मांग की कि जल्द से जल्द अंडरपास का निर्माण कराया जाए, ताकि वर्षों से उपयोग में आ रहा मार्ग पुनः सुचारु हो सके और लोगों को हो रही परेशानी से राहत मिले।
ज्ञापन देने वालों में साहब सिंह, सोनू सिंह, नंदलाल सिंह, जिउतबन्धन सिंह, महेंद्र प्रजापति, सुरेंद्र सिंह, ज्ञानेन्द्र सिंह, रमाशंकर सिंह, सुरेन्द्र सोनकर, संजय सिंह, रोहित सिंह, जयकेश भास्कर, फेरु गोड़, रिंकू पाठक सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।