आमिर, देवल ब्यूरो ,रामपुर, जौनपुर। रामपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब आशापुर–फेरूपुर गांव के पास वरुणा नदी किनारे सरसों के खेत में एक अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना फैली। युवक की उम्र करीब 23 वर्ष बताई जा रही है। शव की हालत बेहद क्षत-विक्षत थी और उसका चेहरा ईंट से बुरी तरह कुचला हुआ मिला, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि सुबह कुछ ग्रामीण खेत की ओर जा रहे थे, तभी घाट के पास सरसों के बीच पड़े शव पर उनकी नजर पड़ी। शव देख लोगों में दहशत फैल गई और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, जिसके बाद स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की।
मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं को भी मौके पर बुलाया गया। साथ ही फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र की बारीकी से छानबीन की और कई अहम सुराग जुटाने का प्रयास किया।
घटनास्थल से कुछ दूरी पर पुलिस को एक बाइक भी बरामद हुई है। बाइक के साइलेंसर पर पैरों के निशान पाए गए हैं, जिससे यह अंदेशा जताया जा रहा है कि घटना के दौरान वहां संघर्ष हुआ हो सकता है। इसके अलावा आसपास शराब की कई बोतलें भी पड़ी मिलीं, जिनमें से एक टूटी हुई थी। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस आशंका जता रही है कि युवक के साथ पहले बैठकर शराब पी गई और फिर किसी धारदार हथियार से हमला करने के बाद ईंट से चेहरा कुचलकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई।
शव की हालत ऐसी थी कि उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों से गुमशुदगी की जानकारी जुटा रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि युवक की पहचान हो सके और घटना की सच्चाई सामने आ सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। फॉरेंसिक साक्ष्यों और आसपास मिले सुरागों के आधार पर जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है। इलाके में हुई इस घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।