देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत करौली के दर्जनों ग्रामीणों ने गुरुवार को कोटेदार के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए उपजिलाधिकारी (एसडीएम) नामित ज्ञापन सौंपा। सदर कोतवाली पहुंचकर पुलिस प्रशासन को मामले से अवगत कराया।
ग्रामीणों का आरोप है कि बीते दो-तीन महीनों से कोटेदार द्वारा राशन वितरण में अनियमितता की जा रही है। उनका कहना है कि पात्र लाभार्थियों का राशन इधर-उधर कर दिया जाता है और विरोध करने पर धमकी व गाली-गलौज की जाती है। ग्रामीणों ने बताया कि वे गरीब मजदूर वर्ग से हैं और कई बार कोटेदार की दुकान के चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें राशन नहीं दिया गया। गुरुवार को जब वे राशन लेने पहुंचे तो कथित रूप से कोटेदार ने राशन देने से इनकार कर दिया और भगा दिया। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने तहसील पहुंचकर एसडीएम के नाम ज्ञापन दिया और बाद में सदर कोतवाली में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से कोटे को निरस्त कर नए कोटेदार के चयन की भी गुहार लगाई है। प्रदर्शन के दौरान रामचंदर, सुभाष, कलावती, अतवारी, धनावती, राम विलास, शिवबरन, मनीता, शिवकुमारी, गुलाबी देवी (बीडीसी), चंदा, दौलत देवी, बीफन देवी, गीता देवी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
