देवल, ब्यूरो चीफ,शक्तिनगर, सोनभद्र। परसवार राजा क्षेत्र की एनटीपीसी विस्थापित बस्ती के लोग इन दिनों जाम नाली की समस्या से जूझ रहे हैं। बस्ती की मुख्य नाली
लंबे समय से अवरुद्ध पड़ी है, जिससे गंदा पानी जगह-जगह जमा हो रहा है और हालात बदतर होते जा रहे हैं।
स्थिति यह है कि नाली का दूषित पानी घरों के आसपास फैलने लगा है, जिससे दुर्गंध और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार कई बार संबंधित विभाग को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। विस्थापितों का कहना है कि जाम नाली के कारण बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है। संक्रामक बीमारियों की आशंका भी बढ़ गई है। साथ ही, आवागमन में भी लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थल निरीक्षण में स्पष्ट दिखाई देता है कि नियमित सफाई के अभाव में नाली में झाड़-झंखाड़ और कचरा भर गया है, जिससे पानी का निकास पूरी तरह बाधित हो गया है। यदि समय रहते सफाई नहीं कराई गई तो समस्या और गंभीर रूप ले सकती है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन एवं एनटीपीसी प्रबंधन से शीघ्र नाली की सफाई कराने और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि बस्ती के लोगों को राहत मिल सके।
