देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। सदर कोतवाली क्षेत्र के मुंगेहरी गांव में बुधवार की देर रात ट्रैक्टर ट्रॉली से टकराकर बाइक सवार रघुबर उम्र 30 वर्ष की मौत हो गई। हादसे में उसका साथी रहीम उम्र 24 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक बरात में शामिल होने जा रहे थे।
सदर कोतवाली क्षेत्र के पेढ़ गांव निवासी रघुबर गांव के ही रहीम के साथ बुधवार की रात बाइक से गांव की ही एक बरात में शामिल होने शाहगंज थाना क्षेत्र के मराची गांव जा रहे थे। रात्रि करीब 10 बजे रॉबर्ट्सगंज-घोरावल मार्ग पर मुंगेहरी गांव में कस्तूरबा विद्यालय के पास बाइक सवार दोनों युवक सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर ट्रॉली के पीछे घुस गए। ट्रैक्टर ट्रॉली शटरिंग का सामान लाद कर खड़ा था। इस हादसे में रघुबर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रहीम गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों की सूचना पर दोनों को घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से रहीम को प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से भी उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया। हादसे के बाद ग्रामीणों ने घटनास्थल पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम हटवाया। प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह, कस्बा चौकी प्रभारी त्रिभुवन राय ने घोरावल सीएचसी में जाकर परिजनों से घटना की जानकारी ली। परिजनों ने बताया कि रघुबर तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था। उसका विवाह रामगढ़ क्षेत्र के गुरौटी गांव में दो साल पहले हुआ था। उसकी पत्नी गर्भवती है। प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। घटना की प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
