देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। ग्राम रोजगार सेवकों के साथ ही मनरेगा कर्मचारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बकाया मानदेय का शीघ्र भुगतान कराए जाने की आवाज उठायी। ग्राम रोजगार सेवक (पंचायत मित्र) वेलफेयर एसोसिएशन जनपद सोनभद्र के बैनर तले कर्मियों ने जिलाध्यक्ष विनय कुमार पांडेय के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया।
वक्ताओं ने बताया कि मनरेगा कर्मचारी बीते 18 वर्षों से महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम के तहत पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं और शासन की योजनाओं को गति प्रदान कर रहे हैं। इसके बावजूद उनका अल्प मानदेय पिछले आठ माह से बकाया है। कर्मचारियों का कहना है कि मानदेय न मिलने से बच्चों की फीस, दवाई और ब्लॉक आने-जाने का खर्च प्रभावित हो रहा है। कर्ज बढ़ने से आर्थिक संकट गहराता जा रहा है और कई कर्मचारी भुखमरी की स्थिति में पहुंच गए हैं। उन्होंने बताया कि ग्राम रोजगार सेवक मनरेगा के तहत ई-केवाईसी के साथ ही बीएलओ और एसआईआर जैसे अतिरिक्त दायित्वों का भी निर्वहन कर रहे हैं। होली पर्व नजदीक होने के कारण कर्मचारियों में चिंता व्याप्त है। कर्मियों ने प्रशासन से होली से पूर्व बकाया मानदेय दिलाने की मांग की है। मौके पर विनय मिश्रा, पंकज कुमार, विमलेश, अभिलाष, मनीष कुमार, प्रदीप सिंह राणा, सुनील सिंह, सिराज अहमद, अशोक कुमार, संतोष पांडेय, प्रशांत सिंह, गिरीश चंद, योगेंद्र, बीना, विनीता, शायदा बानो, सतीश चंद्र, प्रमोद आदि मौजूद रहे।
