देवल, ब्यूरो चीफ,कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गोड़ ने मांग की कि शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती एवं उनके शिष्यों के विरुद्ध दर्ज एफआईआर की निष्पक्ष जांच कराई जाए। कहा कि हाल ही में शंकराचार्य पूज्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी एवं उनके शिष्यों के साथ घटित घटना अत्यंत चिंताजनक है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कुंभ के दौरान मौनी अमावस्या पर उन्हें एवं उनके शिष्यों को स्नान करने से रोका गया। उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। कुछ शिष्यों की चोटी खींचकर अपमानित करने जैसी अमर्यादित घटना भी सामने आई, जिससे धार्मिक भावनाओं पर चोट पहुंची है। शंकराचार्य के साथ ही उनके शिष्यों तथा अन्य अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई है, जो प्रथमदृष्ट्या एक तरफा एवं दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई प्रतीत होती
है। इसके अलावा उन्होंने शंकराचार्य समेत उनके शिष्यों पर एफआईआर दर्ज कराने वाले व्यक्तियों की पृष्ठभूमि, उनकी परिस्थितियों तथा संभावित प्रेरक तत्वों (मोटिव) का भी निष्पक्ष जांच कराने की आवाज उठायी। मौके पर कमलेश ओझा, आशुतोष कुमार दूबे, नूरुद्दीन खान, कन्हैया पांडेय, मृदुल मिश्रा, जितेंद्र देव पांडेय, दयाशंकर देव पांडेय, रामेश्वर यादव, ज्यूत मौर्या, शीतला पटेल, तमेश्वर तिवारी, वंशीधर पांडेय, बाबूलाल पनिका, रामसागर मौजूद रहे।
