देवल, ब्यूरो चीफ,डाला, सोनभद्र। नगर पंचायत डाला बाजार में चल रहे नाला निर्माण कार्य में घोर अनियमितता बरते जाने का आरोप लगाया जा रहा है। टेंडर में नाली निर्माण का कार्य प्रकाशित कराने के बाद मौके पर नाला का कोरवाल बनाया जाना अपने आप में सवाल खड़ा कर रहा है। क्षेत्रीय लोगों ने कार्य की पारदर्शिता और गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग किया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि खुदाई कार्य में मजदूरों के स्थान पर जेसीबी मशीन का प्रयोग किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के मजदूरों का रोजगार प्रभावित हो रहा है। मजदूरों का कहना है कि मशीनों के प्रयोग से उनके हकों का हनन हो रहा है और उन्हें काम से वंचित किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार संबंधित ठेकेदार के पास मजदूरों का बीमा तथा आवश्यक श्रम लाइसेंस भी उपलब्ध नहीं है। यदि यह तथ्य सही पाया जाता है तो यह श्रम कानूनों का गंभीर उल्लंघन माना जाएगा। ऐसे में किसी भी दुर्घटना की स्थिति में मजदूरों की सुरक्षा और मुआवजे को लेकर बड़ा प्रश्न खड़ा हो सकता है। नगर पंचायत अध्यक्ष एवं अधिशासी अधिकारी की चुप्पी भी चर्चाओं में है। नागरिकों का कहना है कि विकास और गुणवत्ता की बात करने वाले अधिकारी अब इन आरोपों पर स्पष्ट जवाब देने से बच रहे हैं। क्षेत्र में इस मुद्दे को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है और लोग पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। यदि अनियमितता सिद्ध होती है तो जिम्मेदार अधिकारियों एवं ठेकेदार पर सख्त
कार्रवाई की मांग उठ रही है। उधर मामले को लेकर नगर पंचायत डाला बाजार के अधिशासी अधिकारी से संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन वे मौजूद नहीं मिले।
