देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। जिले में खनन गतिविधियों को लेकर आयकर विभाग ने अभूतपूर्व हाईटेक जांच अभियान शुरू किया है। ड्रोन कैमरों और सेटेलाइट तकनीक के जरिए खदानों की जियो मैपिंग कर वास्तविक खनन क्षेत्र का मिलान पट्टों के दस्तावेजों से कराए जाने की चर्चा है। जिला खनिज विभाग से प्राप्त अभिलेखों के आधार पर तकनीकी और अनुसंधान टीम जमीन पर वास्तविक स्थिति का सत्यापन कर रही है।
सूत्रों के अनुसार शिकायत मिली थी कि कई खदानों में स्वीकृत मानकों से अधिक गहराई तक खनन किया गया है। इसी इनपुट के आधार पर सोनभद्र को प्रमुख फोकस बनाया गया है। करीब 25 वाहनों के काफिले के साथ पहुंचे अधिकारियों ने पहले चरण में आधा दर्जन से अधिक खनन कारोबारियों के आवास और प्रतिष्ठानों पर दबिश दी। कार्रवाई को गोपनीय रखने के लिए कई वाहनों पर शादी समारोह के स्टिकर और पंपलेट लगाए गए थे, ताकि किसी को भनक न लगे। अलग-अलग जनपदों की नंबर प्लेट वाली गाड़ियां दिखाई दीं। ओबरा थाना क्षेत्र समेत कई इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात है और खनन कारोबार में सन्नाटा पसरा हुआ है।
