आमिर, देवल ब्यूरो ,सुईथाकला (जौनपुर), 26 फरवरी।गुरुवार को गांधी स्मारक पीजी कॉलेज, समोधपुर में शासन की महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत छात्र-छात्राओं के बीच टैबलेट वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. रणजीत कुमार पांडेय ने की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं प्राध्यापकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना एवं स्वागत संबोधन के साथ हुई। अपने अध्यक्षीय भाषण में प्राचार्य प्रो. रणजीत कुमार पांडेय ने कहा कि वर्तमान समय डिजिटल युग का है, जिसमें शिक्षा के क्षेत्र में तकनीक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे टैबलेट विद्यार्थियों के शैक्षणिक उन्नयन, ऑनलाइन कक्षाओं, ई-बुक्स, अध्ययन सामग्री और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में अत्यंत सहायक सिद्ध होंगे।
उन्होंने छात्र-छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे इन संसाधनों का सकारात्मक और रचनात्मक उपयोग करें तथा अपने भविष्य को संवारने की दिशा में निरंतर प्रयासरत रहें। उन्होंने यह भी कहा कि तकनीक का सही उपयोग ही सफलता की कुंजी है।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. अरविंद कुमार सिंह, डॉ. अवधेश कुमार मिश्रा, डॉ. पंकज सिंह, डॉ. अविनाश वर्मा, डॉ. आलोक प्रताप सिंह बिसेन, डॉ. लालमणि प्रजापति, डॉ. वंदना तिवारी, डॉ. जितेंद्र सिंह एवं श्री जितेंद्र कुमार सहित महाविद्यालय परिवार के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
नोडल अधिकारी डॉ. विष्णुकांत त्रिपाठी ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए टैबलेट वितरण की पूरी प्रक्रिया को सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया। विद्यार्थियों को क्रमवार बुलाकर टैबलेट प्रदान किए गए, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ।
टैबलेट प्राप्त करने के बाद छात्र-छात्राओं के चेहरे पर उत्साह और खुशी स्पष्ट दिखाई दी। विद्यार्थियों ने शासन एवं महाविद्यालय प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल उनके शैक्षणिक जीवन में नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करेगी।
कार्यक्रम अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ सम्पन्न हुआ।