देवल संवाददाता, आजमगढ़। GRP ने आजमगढ़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 से चार उचक्कों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1,60,000 रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। आरोपियों ने ट्रेन में सफर कर रही महिला यात्री के बैग से मंगलसूत्र समेत अन्य जेवरात व नगदी चोरी करने की वारदात भी कबूल की है। प्रभारी निरीक्षक नासिर हुसैन टीम के साथ रेलवे स्टेशन आजमगढ़ पर चेकिंग कर रहे थे। सूचना मिली कि प्लेटफॉर्म नंबर 2 के पूर्वी छोर पर लगे साइन बोर्ड के पास कुछ लोग यात्रियों को सस्ते दामों में सोने के आभूषण बेचने की फिराक में खड़े हैं। घेराबंदी कर चार आरोपियों—नदीम शाह उर्फ चिंटू (निवासी गजहड़ा, थाना मुबारकपुर), नसरुद्दीन शाह (निवासी बीबीगंज, थाना दीदारगंज), मो. अजीम (निवासी गजहड़ा, थाना मुबारकपुर) तथा हरिशचंद्र कुमार (निवासी दामोदरपुर, थाना मुबारकपुर) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से कुल 1,60,000 रुपये नकद, एक मंगलसूत्र, एक जोड़ी पायल, एक जोड़ी छोटी बाली तथा एक नथुनी बरामद हुई। बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 3,25,000 रुपये आंकी गई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ट्रेनों में घूमकर उन बैगों को निशाना बनाते थे जिनमें ताला या लॉक लगा होता था। मौका पाकर बैग की चेन ब्लेड से काटकर उसमें रखे कीमती सामान को चोरी कर लेते थे और अगले स्टेशन पर उतरकर फरार हो जाते थे। चोरी के जेवरात राह चलते लोगों को बेचकर आपस में रकम बांट लेते थे। आरोपियों ने 21 फरवरी 2026 को शाहगंज-बलिया पैसेंजर ट्रेन में एक महिला यात्री के बैग से एक बड़ा मंगलसूत्र, दो छोटे मंगलसूत्र, एक हार, एक बड़ा झुमका, तीन अंगूठियां, एक पायल, एक छोटी बाली, एक नथुनी व 28 हजार रुपये नकद चोरी करने की बात कबूली। इनमें से कुछ जेवरात वे पहले ही बेच चुके थे, जबकि शेष बेचने की फिराक में थे। इस संबंध में थाना जीआरपी आजमगढ़ में धारा 305(सी) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।