आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर।परिषदीय बोर्ड परीक्षा-2026 को सकुशल, नकलविहीन एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने गुरुवार को टीडी इंटर कॉलेज, जौनपुर में बनाए गए परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने परीक्षा कक्षों में पहुंचकर परीक्षार्थियों के बैठने की समुचित व्यवस्था, कक्षों की साफ-सफाई, प्रकाश एवं पेयजल की उपलब्धता का निरीक्षण किया। उन्होंने सुनिश्चित किया कि सभी परीक्षार्थियों को निर्धारित सीटिंग प्लान के अनुसार बैठाया जाए और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने केंद्र पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की भी जांच की। उन्होंने कंट्रोल रूम में जाकर लाइव फुटेज देखा और निर्देश दिया कि सभी कैमरे परीक्षा अवधि में निरंतर संचालित रहें। किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी पाए जाने पर उसे तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए।
प्रश्नपत्रों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए जिलाधिकारी ने स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने सीलिंग व्यवस्था, डबल लॉक सिस्टम तथा सुरक्षा मानकों की समीक्षा की और कहा कि प्रश्नपत्रों की गोपनीयता सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि शासन की मंशानुसार जनपद में परीक्षा को पूर्णतः नकलविहीन एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया जाए। यदि कहीं भी अनियमितता पाई गई तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी को जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना होगा। निरीक्षण के दौरान विद्यालय प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।