आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर।जनपद के बरसठी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम महमदपुर की एक नाबालिग छात्रा से कथित छेड़छाड़ के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने पुलिस अधीक्षक को पत्रक सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। परिजनों का आरोप है कि मामले में अपेक्षित सख्ती नहीं बरती जा रही है और आरोपी के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि पीड़िता स्कूल में पढ़ने गई थी, जहां शिक्षक रजनीश निषाद ने उसके साथ छेड़छाड़ की। घर लौटने पर बच्ची ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन तत्काल बरसठी थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
परिजनों का कहना है कि शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक को थाने बुलाकर करीब तीन घंटे तक बैठाए रखा, लेकिन उसके बाद उसे छोड़ दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में कार्रवाई धीमी गति से की जा रही है और जांच में हीलाहवाली हो रही है।
परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि दर्ज एफआईआर की विवेचना की प्रगति की समीक्षा की जाए तथा पीड़िता का बयान विधि अनुसार दर्ज कराया जाए। साथ ही आरोपी शिक्षक की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस संबंध में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रकरण की जांच जारी है और विधिक प्रक्रिया के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच में तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।
मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है, वहीं परिजन शीघ्र न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं।