आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर, 27 फरवरी 2026।सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी के मार्गदर्शन में 26वें बाबा गुरबचन सिंह मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारम्भ हरियाणा स्थित संत निरंकारी मंडल के आध्यात्मिक स्थल समालखा में श्रद्धा, अनुशासन और सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ। यह आयोजन 27 फरवरी से 10 मार्च 2026 तक चलेगा।
स्थानीय मीडिया सहायक उदय नारायण जायसवाल ने बताया कि इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में देशभर के विभिन्न राज्यों से चयनित 24 टीमें भाग ले रही हैं। पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, जम्मू, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र, ओडिशा, कोलकाता, गुजरात, दिल्ली व एनसीआर सहित कई क्षेत्रों के युवा खिलाड़ी खेल भावना, संयम और भाईचारे का परिचय दे रहे हैं।
टूर्नामेंट का संचालन संत निरंकारी मंडल के सचिव श्री जोगिंदर सुखीजा के नेतृत्व में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि युवाओं में आयोजन को लेकर खासा उत्साह है और बड़ी संख्या में पंजीकरण प्राप्त हुए हैं। यह प्रतियोगिता खेल प्रतिभा को निखारने के साथ आत्मसंयम, एकता और आध्यात्मिक मूल्यों को भी मजबूत करती है।
इस टूर्नामेंट की आधारशिला बाबा हरदेव सिंह जी ने बाबा गुरबचन सिंह जी की स्मृति में रखी थी। उनका विश्वास था कि खेलों के माध्यम से युवा शक्ति को अनुशासन, सेवा और संयम की दिशा में प्रेरित किया जा सकता है।
कार्यक्रम में संत निरंकारी मंडल की प्रधान श्रीमती राजकुमारी जी एवं केंद्रीय योजना एवं सलाहकार बोर्ड के उपाध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। श्रीमती राजकुमारी जी ने कहा कि “शरीर स्वस्थ होगा तभी भक्ति संभव है।” खेल हमें संतुलन, सहनशीलता और मर्यादा सिखाते हैं। जीत-हार से ऊपर उठकर प्रेम और भाईचारे की भावना बनाए रखना ही सच्ची खेल भावना है।
आयोजन को सफल बनाने के लिए आवास, चिकित्सा, जलपान, सुरक्षा और पार्किंग सहित व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रतिदिन संध्या सत्संग कार्यक्रम भी आयोजित होंगे, जो युवाओं को मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करेंगे।
निःसंदेह यह टूर्नामेंट खेल प्रतियोगिता से आगे बढ़कर मानव एकता, अनुशासन और आध्यात्मिक जागृति का प्रेरणादायक उत्सव बन गया है।