देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। सदर तहसील के बिजौली गांव के ग्रामीणों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने गांव के मुख्य मार्ग पर अवैध कब्जा करने का आरोप कुछ लोगों पर लगाते हुए जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग किया।
ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत की भूमि पर बनी सड़क पर कुछ दबंग किस्म के लोगों द्वारा अवैध कब्जा कर लिए जाने से उन्हें आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जबकि वर्षों से उक्त रोड से ग्रामीण आते-जाते रहे हैं। आरोप लगाया कि उक्त दबंगों द्वारा अब सड़क पर कब्जा
कर उसे पूर्ण रूप से बंद किया जा रहा है, जिससे खासकर बुजुर्गों, बच्चों एवं महिलाओं को खासी परेशानी हो रही है। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे अनिल गिरी ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपकर सड़क पर कब्जा जमाए बैठे दबंगों पर कार्रवाई की मांग किया। अनील गिरी ने बताया कि उनके पिता को वर्ष 2011 में महामाया आवास योजना के तहत ग्राम पंचायत की भूमि पर आवास स्वीकृत हुआ था, जिसमें वे भवन का निर्माण कराकर परिवार सहित निवास करते हैं। आवास का निर्माण सरकारी धन से हुआ है, लेकिन आज तक भूमि का विधिवत पट्टा नहीं किया गया। अब घर से सटे लगभग आठ फीट चौड़े सरकारी चकरोड पर गांव के ही कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया है, जिससे उनका और अन्य परिवारों का निकलना मुश्किल हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री पोर्टल समेत जनपदीय अधिकारियों को पूर्व में प्रार्थना पत्र के जरिए समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने चकरोड से अवैध कब्जा हटाने की मांग किया है। मौके पर प्रवेश पाठक, रोशन कुमार राव, धर्मेंद्र शुक्ला, रोशन कुमार, ममता, पुष्पा, गीता, सोनी, कांति आदि मौजूद रहीं।
