देवल, ब्यूरो चीफ,शक्तिनगर, सोनभद्र। खड़िया-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर सफाई व्यवस्था सुधारने के उद्देश्य से चलाई जा रही मैकेनिकल स्वीपिंग मशीन अब स्थानीय लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। सफाई के दौरान पानी का पर्याप्त छिड़काव न होने से सड़क पर धूल का गुब्बार उड़ रहा है, जिससे दुकानदारों, राहगीरों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि खड़िया-शक्तिनगर मार्ग पर खदान क्षेत्र से जुड़े वाहन दिन-रात फर्राटा भरते रहते हैं, इससे इस मार्ग पर धूल की समस्या एक विकराल रूप धारण कर ली है। बिना पानी के छिड़काव के चल रही सफाई मशीन से हालात और बदतर हो गए है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मशीन के पीछे धूल का बादल उठता है, जो सीधे दुकानों और घरों में घुस रहा है। कई लोग को सांस लेने में तकलीफ और आंखों में जलन की शिकायत है। व्यापारियों का कहना है कि सफाई के नाम पर उनकी दुकानों में प्रतिदिन धूल झोंकी जा रही है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और एनसीएल प्रबंधन से मांग की है कि सफाई के दौरान नियमित और पर्याप्त पानी का छिड़काव कराया जाए। मशीनों की तकनीकी जांच कराई जाए और जिम्मेदार अधिकारियों पर जवाबदेही तय की जाए। क्षेत्रीय लोगों ने सड़क पर नियमित पानी का छिड़काव न कराए जाने की दशा में आंदोलन का रास्ता अख्तियार करने की चेतावनी दी है।
