देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। बुद्ध अम्बेडकर सेवा समिति के तत्वावधान में चोपन थाना अंतर्गत ग्राम चीरहुली में विगत वर्षों की भांति गौतम बुद्ध महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सारनाथ से पधारे पूज्य भंते बुद्ध ज्योति जी ने तथागत बुद्ध की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर बुद्ध वंदना, त्रिशरण एवं पंचशील पाठ के साथ किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जन अधिकार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रसेन पाल एडवोकेट ने अपने संबोधन में कहा कि आज देश ही नहीं, बल्कि पूरा विश्व आतंकवाद, आपसी कलह, आर्थिक संकट और अंधविश्वास जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। इन चुनौतियों से बाहर निकलने का मार्ग तथागत बुद्ध के सिद्धांतों में निहित है। उन्होंने कहा कि बुद्ध का उपदेश, यदि दुःख है तो उसका कारण है, और कारण है तो उसका निवारण भी संभव है आज भी प्रासंगिक है। त्रिशरण, पंचशील और अष्टांगिक मार्ग को अपनाकर ही विश्व में शांति, सद्भाव और खुशहाली स्थापित की जा सकती है। मुख्य वक्ता डा. भागीरथी सिंह मौर्य प्रदेश प्रमुख महासचिव जन अधिकार पार्टी ने कहा कि भारत का संविधान तथागत बुद्ध की करुणा और सम्राट अशोक के सुशासन की भावना से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा प्रदत्त संविधान प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और सम्मान देता है। लोकतंत्र में हर मतदाता का वोट समान मूल्य रखता है, चाहे वह किसी भी वर्ग का हो। विशिष्ट अतिथि विकास शाक्य एडवोकेट एवं आदित्य मौर्य (जिलाध्यक्ष, जन अधिकार पार्टी) ने कहा कि भगवान बुद्ध का धम्म समस्त जीवों के कल्याण का मार्ग है, परंतु उसका लाभ वही उठा सकता है जो उसे आचरण में लाए। कार्यक्रम के आयोजक मंगला प्रसाद मौर्य ने उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया। मौके पर आदित्य मौर्य, किरण कुशवाहा, इंदु मौर्य, विजयमल मौर्य, डा ओ.पी. मौर्य, रवि रंजन शाक्य, कृष्णानंद मौर्य, जय प्रकाश, डा पीके सिंह, नागेंद्र मौर्य, अरुण सिंह आदि मौजूद रहे।
