देवल, ब्यूरो चीफ,बीजपुर, सोनभद्र। एनटीपीसी रिहंद में नैगम सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत 16 से 17 फरवरी तक आयोजित दो दिवसीय ग्रामीण खेल सम्मेलन का भव्य शुभारंभ 16 फरवरी को सोनशक्ति स्टेडियम में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन संजय असाटी मुख्य महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रमुख (रिहंद) द्वारा किया गया। इस ग्रामीण खेल सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण बच्चों के बीच खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करना तथा उनमें आपसी सौहार्द, अनुशासन और टीम भावना का विकास करना है।
ग्रामीण खेल सम्मेलन 2026 के अंतर्गत पारंपरिक एवं लोकप्रिय ग्रामीण खेलों की विविध प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं, जिनमें बालक एवं बालिका वर्ग के लिए कबड्डी, खो-खो विभिन्न दौड़ स्पर्धाएं, लांन्ग जंप तथा रिले रेस शामिल हैं। इस अवसर पर मुख्य अतिथि संजय असाटी ने एनटीपीसी रिहंद के सीएसआर के अंतर्गत ऐसे आयोजनों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस पहल के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को एक सशक्त मंच उपलब्ध कराया जा रहा है, जहां वे अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ग्रामीण खेल सम्मेलन ग्रामीण युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर सिद्ध होगा, जिससे वे अपने हुनर को निखारकर भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यह पहल जनसमुदाय के समग्र विकास को बढ़ावा देने हेतु एनटीपीसी रिहंद की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इस कार्यक्रम में कुल 23 विद्यालयों के 800 से ज्यादा प्रतिभाशाली खिलाड़ी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं, जिनका उद्देश्य खेल के प्रति अपने कौशल और समर्पण का प्रदर्शन करना है।
