देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। जिलाधिकारी बीएन सिंह ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन अन्तर्गत निर्मित / निर्माणाधीन 12 ग्राम समूह पेयजल योजनाओं की प्रगति एवं जलापूर्ति में आ रही समस्याओं, विद्युत संयोजन, आपूर्ति, रोड रेस्टोरेशन तथा ग्रामीण सड़कों के चौड़ीकरण में क्षतिग्रस्त पाइप लाइन के निराकरण संबंधित समीक्षा बैठक किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित शहरी एवं ग्रामीण पेयजल परियोजनाओं की बिंदुवार समीक्षा किए।
जिलाधिकारी ने समीक्षा के दौरान स्पष्ट निर्देश दिए कि हर घर नल से जल योजना के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत में निर्धारित मानकों के अनुरूप नियमित एवं सुरक्षित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीण क्षेत्रों में जल जीवन मिशन की प्रगति की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य केवल संरचना निर्माण नहीं, बल्कि हर परिवार तक निर्बाध पेयजल पहुंचाना है। जिन ग्राम पंचायतों में पाइपलाइन, टंकी अथवा घरेलू नल कनेक्शन का कार्य अधूरा है, वहां कार्य में तेजी लाई जाए और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। बैठक में पटवध पेयजल योजना की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारी को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि मार्च माह तक उक्त योजना के अंतर्गत पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई, तो संबंधित फर्म के विरुद्ध विधिक कार्रवाई के लिए शासन स्तर पर पत्राचार किया जाएगा। साथ ही कार्यदायी संस्था को समयबद्ध कार्ययोजना प्रस्तुत करने तथा साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इस दौरान जनपद में संचालित जल जीवन मिशन के अन्तर्गत हर घर नल योजना के 12 परियोजनाओं के द्वारा ग्राम पंचायतों में किए जा रहे पेयजल आपूर्ति के संबंध में जिलधिकारी ने विन्दुवार जानकारी ली। जिलाधिकारी ने कहा कि पेयजल परियोजनाओं के कार्य के दौरान जिन सड़कों की खुदाई की गयी है, उनकी मरम्मत का कार्य प्राथमिकता पर पूरा करा लिया जाए, जिन पेयजल परियोजनाओं द्वारा अब तक ग्रामीण क्षेत्रों में जलापूर्ति प्रारंभ नहीं की गयी है, उस कार्य को शीघ्र पूर्ण कर पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करायी जाए। इस दौरान जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी से कहा कि ग्राम समूह पेयजल योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में जिन-जिन ग्राम सभाओं में पेयजल आपूर्ति के लिए संबंधित कार्यदायी संस्था द्वारा जानकारी उपलब्ध करायी गयी है, उन सभी ग्राम पंचायतों के पानी आपूर्ति के संबंध में कमेटी गठित कराकर जाँच करा ली जाए। शहरी क्षेत्र की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि बरसात के दौरान नगर पालिका क्षेत्र में उत्पन्न होने वाली जलभराव एवं जल निकासी की गंभीर समस्या पर ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन (शहरी) के अंतर्गत जल निकासी के लिए समुचित एवं स्थायी समाधान के लिए एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए। ताकि वर्षा ऋतु में नागरिकों को असुविधा का सामना न करना पड़े। मौके पर मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) वागीश कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) रोहित यादव, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी संतपाल वर्मा, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
.jpeg)