देवल संवाददाता, आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय आज़मगढ़ के कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने विश्वविद्यालय प्रशासनिक भवन के कुलपति सभागार में बीबीए एवं एमबीए एग्रीकल्चर के छात्रों को कैंपस ड्राइव में चयनित होने पर ऑफर लेटर सौंपे। यह अवसर छात्रों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि का प्रतीक रहा।
कुलपति ने छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा जीवन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी परिस्थिति में इससे समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने छात्रों को रोजगार प्राप्त करने के साथ-साथ अपनी शैक्षणिक यात्रा जारी रखने और बौद्धिक, व्यावसायिक एवं व्यक्तित्वगत विकास पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल रोजगारपरक शिक्षा देना नहीं है, बल्कि छात्रों को व्यावहारिक कौशल, नवाचार की क्षमता एवं नैतिक मूल्यों से युक्त सक्षम और उत्तरदायी मानव संसाधन के रूप में विकसित करना है।
कुलपति ने भरोसा जताया कि चयनित छात्र अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन करेंगे और समाज एवं राष्ट्र के विकास में योगदान देंगे।
कार्यक्रम में कुलपति द्वारा ऑफर लेटर वितरण के बाद छात्रों ने उत्साहपूर्वक फोटो खिंचवाई। उपस्थित छात्रों ने इसे प्रेरणादायक और उत्साहवर्धक अनुभव बताया। विश्वविद्यालय के डॉ. नितेश, डॉ. विजय प्रकाश, सहायक कुलपति भूपेंद्र पांडे एवं विपिन शर्मा सहित कई प्रशासनिक सदस्य भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
छात्रों ने कुलपति के मार्गदर्शन और शुभकामनाओं से अपने भविष्य को लेकर सकारात्मक दृष्टिकोण और आत्मविश्वास व्यक्त किया।