आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। सुजानगंज थाना क्षेत्र के तिलहर गांव में सोमवार को एक युवक संदिग्ध अवस्था में घर के अंदर घायल और अस्वस्थ हालत में पड़ा मिला। परिजनों ने उसे तुरंत उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर भर्ती कराया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल युवक का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तिलहर गांव निवासी प्रदीप पटेल (लगभग 20 वर्ष), पुत्र संतोष पटेल, सोमवार की तीसरी पहर अपने घर के अंदर जख्मी अवस्था में मिला। घर के परिजनों की नजर उस पर पड़ते ही वह अचेत और अस्वस्थ हालत में पड़ा था। परिजनों ने बिना देर किए उसे सीएचसी सुजानगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। युवक की स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
घटना की सूचना मिलने पर प्रदीप के चचेरे भाई भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्रदीप घर में अकेला रहता है। जानकारी मिलने पर जब वह घर पहुंचे तो प्रदीप घायल और अस्वस्थ हालत में पड़ा मिला। इसके बाद उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
युवक के हाथों पर चोट के निशान देख ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ लोग इसे प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला मानते हुए आशंका जता रहे हैं कि उसने खुद को नुकसान पहुंचाया हो सकता है। हालांकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह क्या है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
फिलहाल युवक का उपचार जारी है और उसकी स्थिति पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है। इस घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन सच्चाई जांच के बाद ही सामने आ पाएगी।