आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। दीवानी न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से मंगलवार को प्रशासनिक और सुरक्षा महकमे में हड़कंप मच गया। यह धमकी जिला जज की आधिकारिक वेबसाइट पर ई-मेल के माध्यम से प्राप्त हुई, जिसकी जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस विभाग तुरंत हरकत में आ गए। सूचना मिलते ही सुरक्षा के दृष्टिगत न्यायालय परिसर को तत्काल खाली करा लिया गया। न्यायालय में मौजूद न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता, कर्मचारी और अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल दिया गया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने पूरे परिसर को अपने कब्जे में लेकर सघन जांच अभियान शुरू किया।
जांच के दौरान न्यायालय के सभी कक्षों, बार कक्ष, गलियारों और आसपास के क्षेत्रों को बारीकी से खंगाला गया। बम निरोधक दस्ते और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की मदद से संदिग्ध वस्तुओं की तलाश की गई, हालांकि जांच के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध सामग्री मिलने की पुष्टि नहीं हुई। इसके बावजूद एहतियात के तौर पर देर तक जांच जारी रखी गई और सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि पिछले दो दिनों से प्रदेश के विभिन्न जिलों में न्यायालय परिसरों को इसी प्रकार की धमकियां मिल रही हैं, जिससे अधिवक्ताओं और न्यायालय कर्मियों में चिंता का माहौल है। अधिवक्ताओं ने इसे न्याय व्यवस्था को अस्थिर करने की साजिश बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और ई-मेल भेजने वाले की पहचान के लिए तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जांच कर जल्द ही जिम्मेदार लोगों तक पहुंचा जाएगा, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।