आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। शासन के निर्देश के क्रम में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की छात्राओं के लिए आयोजित एक्सपोज़र विजिट कार्यक्रम के तहत मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने बीआरपी इंटर कॉलेज के मैदान से बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रमों का उद्देश्य छात्राओं को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक एवं अनुभवात्मक ज्ञान प्रदान करना है।
जिलाधिकारी ने बताया कि एक्सपोज़र विजिट के माध्यम से छात्राओं को शैक्षिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा, जिससे उनके ज्ञान, दृष्टिकोण और आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि यात्रा के दौरान छात्राओं की सुरक्षा और सुचारु व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता पर सुनिश्चित की जाए।
सुरक्षा की दृष्टि से प्रत्येक बस में एक महिला पुलिस कर्मी, एक दरोगा तथा एक महिला शिक्षिका की तैनाती की गई है, ताकि छात्राओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा सभी बसों की फिटनेस जांच कराई गई तथा मेडिकल किट उपलब्ध कराई गई, जिससे आपात स्थिति में तत्काल प्राथमिक उपचार दिया जा सके।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार छात्राएं वाराणसी स्थित विभिन्न शैक्षणिक एवं दर्शनीय स्थलों का भ्रमण करेंगी और तय समय के अनुसार वापस लौटेंगी। जिलाधिकारी ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के भ्रमण से बालिकाओं में आत्मनिर्भरता और जागरूकता बढ़ेगी तथा उन्हें भविष्य में आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिलेगी।
इस अवसर पर बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल सहित शिक्षा एवं प्रशासनिक विभाग के अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं में उत्साह और उमंग देखने को मिली।