देवल, ब्यूरो चीफ,चोपन, सोनभद्र। राष्ट्रीय अविष्कार मिशन के अंतर्गत विकास खंड चोपन के चयनित उच्च प्राथमिक विद्यालयों के 100 छात्र-छात्राओं को शैक्षिक एक्सपोजर विजिट पर ले जाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने बायो डायवर्सिटी पार्क हाथीनाला तथा रिहंद डैम स्थित विद्युत उत्पादन इकाई का भ्रमण किया। रिहंद डैम पर विद्यार्थियों को जल विद्युत योजना के अंतर्गत बिजली उत्पादन की संपूर्ण प्रक्रिया की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों द्वारा बच्चों को टरबाइन, कूलिंग यूनिट, जनरेटर और ट्रांसफार्मर के कार्य करने की विधि समझाई गई। बताया गया कि इस इकाई से लगभग 132000 वाट बिजली का उत्पादन किया जाता है। विद्यार्थियों ने उत्पादन प्रणाली को प्रत्यक्ष देखकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी चोपन लोकेश कुमार मिश्र, एसआरजी विद्यासागर तथा एआरपी ज्ञान प्रकाश ने बच्चों के प्रश्नों का विस्तार से उत्तर दिया और उन्हें वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया। भ्रमण के दौरान बच्चों ने अपने अनुभव नोटबुक में लिखे तथा शिक्षकों के साथ साझा भी किए। एक्सपोजर विजिट से विद्यार्थी काफी आनंदित और उत्साहित नजर आए। छात्र-छात्राओं के साथ संकुल शिक्षक रजनीश, अनिरुद्ध, सुनील वर्मा, रजनी, वरिष्ठ शिक्षक संजय सिंह, रुद्र मिश्रा, शैलेन्द्र राय, सविता पटेल, नीतू सिंह, सविता यादव सहित विभिन्न विद्यालयों के अन्य शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
