देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। पिपरी थाना क्षेत्र के बेलवादह गांव में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। रिहंद बांध से जुड़े नाले को ट्यूब के सहारे पार करते समय महिला और एक मासूम बच्ची की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम और परिजनों में चीख-पुकार मच गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार बेलवादह गांव निवासी राहुल अपनी पत्नी उषा (24 वर्ष) और भतीजी रिंकी के साथ रिहंद बांध से जुड़े एक छोटे नाले को ट्यूब के सहारे पार कर रहे थे। बताया जा रहा है कि नाले में इस समय पानी का स्तर काफी अधिक था और उसमें घास व झाड़ियां भी जमी थीं। क्षेत्र में नाला पार करने के लिए कोई पुल या सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग नहीं है, जिसके कारण ग्रामीण जान जोखिम में डालकर ट्यूब के सहारे आवागमन करने को मजबूर हैं। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से उषा और रिंकी ट्यूब से फिसलकर गहरे पानी में जा गिरीं और देखते ही देखते डूब गई। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस को खबर दी गई। स्थानीय गोताखोरों की मदद से देर शाम तक तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन अंधेरा और पानी में घनी झाड़ियों के कारण सफलता नहीं मिल सकी। मंगलवार सुबह वाराणसी से पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर लगभग 2 बजे पानी के भीतर झाड़ियों में फंसे महिला और बच्ची के शव बरामद कर लिए गए। शव निकलते ही मौके पर मौजूद परिजनों में कोहराम मच गया। इस हृदयविदारक घटना से पूरे बेलवादह गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नाले पर
शीघ्र पुल निर्माण या सुरक्षित आवागमन की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
