देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। जिलाधिकारी बीएन सिंह ने मंगलवार को विकास भवन स्थित पंचायत रिसोर्स सेंटर में प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के प्रगति की विस्तृत समीक्षा किया। इस दौरान डीएम ने ग्राम पंचायत अधिकारियों एवं ग्राम विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वीकृत आवासों का निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराया जाए तथा पात्र लाभार्थियों के देयकों का भुगतान समय से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री आवास योजना के नाम पर कोई बिचौलिया अथवा अन्य व्यक्ति लाभार्थियों से धनराशि की मांग करता पाया जाता है तो उसके विरुद्ध तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों को समय से आवास उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देशित किया निर्माण कार्यों की नियमित मानिटरिंग की जाए तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास
योजना की समीक्षा के दौरान ग्राम पंचायत अधिकारियों एवं ग्राम विकास अधिकारियों के द्वारा आवास निर्माण की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी की जाए और वेतन भुगतान पर रोक लगाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस दौरान जिलाधिकारी ने आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रगति की समीक्षा की, समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपस में समन्वय स्थापित करते हुए आयुष्मान कार्ड बनाने के कार्य में तेजी लाए। मौके पर मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला विकास अधिकारी हेमन्त कुमार सिंह, सीएमओ डॉ० पंकज राय, जिला पंचायत राज अधिकारी नामित शरण, डीसी मनरेगा रवीन्द्र वीर सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
