देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। मंगलवार को पुलिस महानिरीक्षक विंध्याचल परिक्षेत्र मीरजापुर आरपी सिंह ने चुर्क पुलिस लाइन के प्रशासनिक भवन में आगामी त्यौहारों को लेकर समीक्षा बैठक किया। इस दौरान पुलिस महानिरीक्षक ने होली एवं रमजान माह की तैयारी के लिए संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी क्षेत्रों की पहचान कर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। शांति समिति की बैठक आयोजित कर पुलिस-जन संवाद सुदृढ़ करने पर बल दिया। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को सक्रिय रखते हुए अफवाहों, भ्रामक सूचनाओं पर त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए। पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, फुट पेट्रोलिंग, बाइक पेट्रोलिंग एवं रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। बोर्ड परीक्षा के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था के लिए परीक्षा केन्द्रों का पूर्व निरीक्षण एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का फरमान जारी किया। प्रश्नपत्रों की सुरक्षित ढुलाई एवं स्ट्रांग रूम की निगरानी के लिए विशेष प्रबंध करने को कहा। नकल माफियाओं, असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निरोधात्मक कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया। परीक्षा अवधि में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के भी फरमान जारी किए।
