आमिर, देवल ब्यूरो ,रामपुर, जौनपुर ,मड़ियाहूँ, जौनपुर। मड़ियाहूँ विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. आर. के. पटेल ने उत्तर प्रदेश विधानसभा भवन, लखनऊ में वित्तीय वर्ष 2026–27 के बजट पर चर्चा के दौरान अपने क्षेत्र की जनसमस्याओं और विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगों को प्रमुखता से सदन में उठाया। उन्होंने प्रदेश सरकार के बजट को जनहितकारी, संतुलित एवं विकासोन्मुखी बताते हुए कहा कि यह ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के समग्र विकास में सहायक सिद्ध होगा।
चर्चा के दौरान विधायक ने मड़ियाहूँ में महिलाओं की उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए महिला महाविद्यालय अथवा विद्यालय की स्थापना की मांग की। उन्होंने मड़ियाहूँ बाईपास पर रेलवे ओवरब्रिज (ROB) निर्माण की आवश्यकता बताते हुए कहा कि इससे जाम और दुर्घटनाओं की समस्या से स्थायी समाधान मिलेगा।
इसके साथ ही उन्होंने मछलीशहर को नया जिला घोषित करने की मांग दोहराते हुए कहा कि इससे प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी और क्षेत्र का विकास होगा। ठाठर ग्राम सभा में 220/132 केवी विद्युत उपकेंद्र की स्थापना, वसुही नदी किनारे वृक्षारोपण अभियान तथा मुकुंदपुर के पास जफराबाद–जंघई मार्ग पर अंडरपास निर्माण की मांग भी उन्होंने उठाई।
विधायक ने प्रस्तावित खेल परिसर के लिए सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर मड़ियाहूँ के विकास को नई दिशा देगी।