आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर, 18 फरवरी 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर श्री कुँवर अनुपम सिंह ने बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन जौनपुर का विस्तृत निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, कार्यालयों एवं बैरकों की स्थिति का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसएसपी ने पुलिस लाइन परिसर स्थित कैंटीन, जलपान गृह, यातायात शाखा कार्यालय सहित विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई, अनुशासन एवं गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुलिसकर्मियों को बेहतर और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जाए, जिससे वे अपनी ड्यूटी का निर्वहन पूरी तत्परता से कर सकें।
निरीक्षण के दौरान अभिलेखों के रख-रखाव की स्थिति की भी समीक्षा की गई। एसएसपी ने अभिलेखों को सुव्यवस्थित एवं अद्यतन रखने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर किसी भी प्रकार की जानकारी तुरंत उपलब्ध कराई जा सके।
पुलिस लाइन परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का भी उन्होंने निरीक्षण किया। इस दौरान स्पष्ट निर्देश दिए गए कि निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।
इस अवसर पर सहायक पुलिस अधीक्षक (आईपीएस) गोल्डी गुप्ता, क्षेत्राधिकारी सदर श्री देवेश सिंह, प्रतिसार निरीक्षक जौनपुर तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को अनुशासन, पारदर्शिता और कार्यकुशलता के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।