आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा–2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित ई-डिस्ट्रिक्ट सेल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा की निगरानी व्यवस्था, ऑनलाइन मॉनिटरिंग प्रणाली और नियंत्रण कक्ष की कार्यप्रणाली का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने ई-डिस्ट्रिक्ट सेल प्रभारी एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी दिव्या शुक्ला को निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों की ऑनलाइन सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। किसी भी केंद्र पर समस्या या अनियमितता की सूचना मिलने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके और परीक्षा व्यवस्था प्रभावित न हो।
उन्होंने कहा कि जनपद में बोर्ड परीक्षाओं को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह कटिबद्ध है। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी नकल रोकने के लिए व्यापक और सुदृढ़ तैयारियां की गई हैं। सभी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी और प्रशासनिक नियंत्रण को और अधिक सशक्त बनाया गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 206 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा की निगरानी के लिए 6 जोनल मजिस्ट्रेट, 22 सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा 206 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त आवश्यकता पड़ने पर कार्रवाई के लिए रिजर्व अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है, जिससे किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
आयोग के निर्देशानुसार हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी 2026 से 12 मार्च 2026 तक दो पालियों में आयोजित की जाएंगी। पहली पाली प्रातः 8:30 बजे से 11:45 बजे तक तथा दूसरी पाली अपराह्न 2:00 बजे से 5:15 बजे तक संचालित होगी। जनपद में हाईस्कूल के 77,042 तथा इंटरमीडिएट के 77,080 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित ई-डिस्ट्रिक्ट सेल के माध्यम से सभी परीक्षा केंद्रों पर नजर रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की समस्या की सूचना देने के लिए ई-डिस्ट्रिक्ट सेल का दूरभाष नंबर 05452-318005 जारी किया गया है। इसके अलावा विभागीय कंट्रोल रूम के नंबर 7905471191 एवं 9451962481 पर भी संपर्क कर जानकारी दी जा सकती है।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भकुरा के प्रधानाचार्य प्रभाकर सिंह, शशि राव सहित ई-डिस्ट्रिक्ट सेल में तैनात अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी को निर्देश दिया कि परीक्षा अवधि के दौरान पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें, ताकि जनपद में बोर्ड परीक्षाएं शांतिपूर्ण और नकलविहीन माहौल में संपन्न हो सकें।