कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर । जिले के जहाँगीरगंज थाना क्षेत्र के सुतहपारा गांव में सुभाष चंद्र प्रजापति के घर से लाखों रुपये के जेवर चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।सुभाष चंद्र प्रजापति की पत्नी सोनमती प्रजापति ने बताया कि वह रविवार शाम को एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। देर रात घर लौटने के बाद उन्होंने मुख्य दरवाजा और चैनल गेट बंद कर ताला लगा दिया था।सुबह उठने पर सोनमती प्रजापति ने घर का गेट और दरवाजा खुला पाया। जब वह कमरे में पहुंचीं, तो वहां रखे सोने और चांदी के जेवर गायब मिले। उन्होंने करीब 5 लाख रुपये के जेवर चोरी होने का अनुमान लगाया है, जिसमें उनके साथ उनकी देवरानी और सास के आभूषण भी शामिल हैं।जहाँगीरगंज थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है।पीड़िता का कहना है कि रात में दरवाजा और चैनल गेट दोनों बंद थे। पुलिस टीम मौके से साक्ष्य जुटाकर मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया है।