कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।निराश्रित गोवंश के संरक्षण, समुचित देखभाल एवं व्यवस्थाओं की सतत निगरानी के उद्देश्य से परियोजना अधिकारी डीआरडीए अनिल कुमार सिंह एवं मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार सिंह द्वारा जनपद के विभिन्न विकास खण्डों में संचालित गौशालाओं का भौतिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कसड़हा गौशाला, रामनगर में काऊ कोट में आग लगने की घटना में दो गोवंश के झुलसने की जानकारी प्राप्त हुई, जिनका तत्काल उपचार कराया जा रहा है। प्रथम दृष्टया केयरटेकर की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित केयरटेकर को हटाकर अन्य केयरटेकर की तैनाती हेतु खण्ड विकास अधिकारी को निर्देशित किया गया। साथ ही हरा चारा एवं पशु आहार उपलब्ध कराने रखने के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में केंद्रुपुर जहांगीरगंज, पड़रिया फौलादपुर (विकास खण्ड बसखारी) एवं अस्थायी गोवंश आश्रय स्थल मकोइया का भी निरीक्षण किया गया। केंद्रुपुर गौशाला में कोई गोवंश बीमार नहीं पाया गया तथा हरा चारा एवं पशु आहार की उपलब्धता संतोषजनक रही, हालांकि गौशाला परिसर के मध्य स्थित तालाब के जीर्णोद्धार की आवश्यकता को दृष्टिगत रखते हुए संबंधित को निर्देशित किया गया। पड़रिया फौलादपुर गौशाला में हरे चारे की कमी पाए जाने पर ग्राम पंचायत सचिव को पर्याप्त मात्रा में हरा चारा एवं पशु आहार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, वहीं कमजोर एवं बीमार गोवंशों का विशेष देखभाल करने और समुचित उपचार सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। मकोइया गौशाला में सभी व्यवस्थाएं सुचारु पाई गईं तथा कोई गोवंश बीमार नहीं था। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि गौशालाओं में गोवंश की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।