देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। सदर कोतवाली क्षेत्र के गेंगुआर गांव में गत गुरूवार की रात अराजक तत्वों ने होलिका समेत पास में रखे पुआल में आग लगा दी। ग्रामीणों के अनुसार आग लगाने वाले दो युवक स्कूटी से मौके पर पहुंचे थे। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार की सुबह सदर कोतवाली पहुंच कर उक्त दोनों युवकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए तहरीर सौंपा है।
ग्रामीणों ने बताया कि गुरूवार की रात्रि करीब 10:30 बजे स्कूटी से दो युवक गांव में पहुंचे थे और होलिका समेत पुआल में आग लगा दी। घटना को अंजाम
देने के बाद भाग रहे दोनों युवकों को दौड़ा कर पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन एक युवक रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। वहीं, मौके से वंश केशरी नामक युवक को ग्रामीणों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए बताया कि प्रतिदिन शाम होते ही गांव में नगर से कुछ लोग हेरोइन और शराब का सेवन करने के लिए पहुंचते हैं, जो आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ग्रामीण ने गांव में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग किया है।
