आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। सखी वेलफेयर फाउंडेशन ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज जौनपुर के सभागार में नारी सशक्तिकरण और उनकी सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए "तेजस्विनी" नारी आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ किया, जिसका संचालन प्रतिदिन मरदानपुर स्थित सखी वेलफेयर के कार्यालय पर किया जाएगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कुंवर वीरेंद्र प्रताप सिंह, संस्थाध्यक्ष प्रीति गुप्ता, विशिष्ट अतिथिगण भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, तलवारबाजी प्रशिक्षक लालजी निषाद, सहकार भारती जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह रिंकू, जिला बाल्य कार्य प्रमुख नारायण चौरसिया एवं सखी वेलफेयर टीम के पदाधिकारी ने मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन से किया। तत्पश्चात सखी पिंकी जायसवाल एवं दिव्या साहू ने "वह शक्ति हमें दो दयानिधे" का वाचन कर प्रार्थना कराया।
इस अवसर पर संस्थाध्यक्ष प्रीति गुप्ता ने "तेजस्विनी" आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजन के उद्देश्य के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि बिना आधी आबादी के सशक्त बने, समाज का विकास संभव नहीं है। इन्हीं उद्देश्यों की पूर्ति के लिए संस्था द्वारा नई सोच, नई उड़ान मुहिम के तहत किशोरियों को लाठी चलाने, तलवारबाजी करने तथा आत्मरक्षा के लिए विभिन्न गुण सीखाने का संकल्प लिया गया है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि कुंवर वीरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि बच्चियों को शारीरिक मजबूती के साथ-साथ मानसिक रूप से मजबूत होना जरूरी है क्योंकि मानसिक मजबूती के बिना गलत प्रवृत्ति के लोगों से बचाव करना संभव नहीं होगा। विशिष्ट अतिथि अजीत प्रजापति ने उपस्थित महिलाओं एवं किशोरियों को शिक्षा के साथ संस्कार विषय पर अपने सारगर्भित संबोधन से प्रेरित किया।
कार्यक्रम में तलवारबाजी प्रशिक्षक लालजी निषाद के आदर्श अखाड़ा, कालीकुत्ती के बच्चों ने लाठी, तलवार व अन्य युद्ध कौशल के कलाबाजी का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। तत्पश्चात संस्था के पदाधिकारियों ने क्रीड़ा भारती के सह मंत्री सोमेश कुमार गुप्ता सहित प्रशिक्षु बच्चों ऋषभ निषाद, आदित्य शुक्ला, रौनक निषाद, राजवंश गुप्ता, राजकुमार निषाद, अंश आदि को स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्रम से सम्मानित किया।
कार्यक्रम के अंत में संस्था के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह एवं अंग वस्त्रम से सम्मानित किया।
कार्यक्रम का संचालन महासचिव अर्चना सिंह, स्वागत उद्बोधन स्वर्णिमा जायसवाल एवं अंत में उपस्थित सभी के प्रति आभार संस्था की कार्यकारी अध्यक्ष तूलिका श्रीवास्तव ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर संस्था की कोषाध्यक्ष सरला माहेश्वरी, सुजाता जायसवाल, तसनीम जैदी, मीनू बरनवाल, रजनी साहू, चंदा बरनवाल, दीपा साहू, आरती सिंह, शकुंतला मौर्य, जीजीआईसी की शिक्षिकायें माला सिंह, सावित्री विश्वास,गरिमा सिंह, मधुबाला सिंह, नेहा श्रीवास्तव, स्मृति पांडे, नीलम सिंह, आक्सीर फातिमा,शालिनी मौर्य, रेखा यादव, मीरा देवी, बैतूल अजरा सहित सैकड़ो विद्यार्थी बच्चियों उपस्थिति रहीं।