देवल संवाददाता, मऊ। जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र की अध्यक्षता में जनगणना 2027 के संबंध में जनपद स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक आज कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई।जनपद स्तरीय जनगणना समन्वय समिति में जिलाधिकारी प्रमुख अधिकारी जनगणना पदनाम से जाने जाएंगे। इसके अलावा अपर जिला अधिकारी जिला जनगणना अधिकारी के रूप में जाने जाएंगे। बेसिक शिक्षा अधिकारी,जिला सूचना विज्ञान अधिकारी,जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी,जिला पंचायत राज अधिकारी अपर जिला जनगणना अधिकारी पदनाम से जाने जाएंगे। उन्होंने बताया कि शासनादेश के अनुसार समस्त तहसीलदार भार साधन अधिकारी, समस्त खंड शिक्षा अधिकारी अपर भार साधन अधिकारी,समस्त निरीक्षक (प्रत्येक तहसील से कोई एक) सहायक भार साधन अधिकारी पदनाम से जान जाएंगे। इसके अलावा नगरीय क्षेत्र में नगर पालिका परिषद/ समस्त नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी भार साधन अधिकारी तथा कर अधीक्षक/ सफाई निरीक्षक (प्रत्येक नगर पालिका परिषद से एक सहायक भार साधन अधिकारी) के पदनाम से चिन्हित किए जाएंगे।बैठक के दौरान जिलाधिकारी बताया कि जनगणना का कार्य दो चरणों में पूरा होगा।प्रथम चरण 1 अप्रैल 2026 से 30 सितंबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान अलग-अलग प्रदेशों में एक महीने के अंदर मकान की गणना एवं सूचीकरण का कार्य संपन्न होगा। दूसरा चरण 1 फरवरी 2027 से प्रारंभ होकर पूरे फरवरी माह 2027 तक चलेगा। इस दौरान जनसंख्या की गणना की जाएगी। उन्होंने बताया कि जनपद के लिए दो मास्टर ट्रेनर तैनात किए गए हैं जो अलग-अलग तहसीलों,नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत के फील्ड ट्रेनर को प्रशिक्षित करेंगे।जनपद में प्रथम एवं द्वितीय चरण की गणना हेतु कुल 76 फील्ड ट्रेनर तैनात किए जाएंगे जिसमें नगर पालिका परिषद में 10,तहसील मधुबन में 10,अन्य तहसीलों में 12 तथा प्रत्येक नगर पंचायत क्षेत्र में दो फील्ड ट्रेनर होंगे। उन्होंने समस्त तहसीलदार,अधिशासी अधिकारियों को उनके लिए निर्धारित संख्या के अनुसार योग्य कर्मठशील फील्ड ट्रेनरों की सूची यथाशीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जनपद हेतु तैनात मास्टर ट्रेनर्स 38- 38 फील्ड ट्रेनर के ग्रुप को प्रशिक्षित करेंगे।ये फील्ड ट्रेनर्स सुपरवाइजर्स एवं प्रगणकों को प्रशिक्षित करेंगे। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को यथाशीघ्र सुपरवाइजर्स एवं प्रगणकों की भी सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। एक प्रगणक के हिस्से औसतन डेढ़ सौ मकानो की सूचीकरण करने के साथ ही द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना की कार्रवाई पूर्ण की जाएगी। इस पूरी जनगणना प्रक्रिया में मकान सबसे छोटी इकाई है। इसके उपरांत ब्लॉक एवं वार्ड होंगे। नगरीय क्षेत्र में ब्लॉक निर्धारण के दौरान उन्होंने रोड को आधार बनाने को कहा। साथ ही यह भी विशेष ध्यान देने की निर्देश दिए कि कोई भी मकान गणना के दौरान न छूटे तथा किसी भी मकान की दो बार गणना ना हो। उन्होंने जनगणना 2027 कार्य से जुड़े समस्त संबंधित अधिकारियों को जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न करने को भी कहा, अन्यथा की स्थिति में कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी। बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी सत्यप्रीत सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार उपाध्याय,जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी सुशील कुमार,जिला सूचना विज्ञान अधिकारी,अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद दिनेश कुमार, अपर पंचायत राज अधिकारी, समस्त तहसीलदार एवं अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।
जनगणना 2027 कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं, लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई - जिला अधिकारी
फ़रवरी 03, 2026
0
Tags