आमिर, देवल ब्यूरो ,चंदवक, जौनपुर।क्षेत्र के कछवन ग्राम में सोमवार को खेत में सिंचाई कर रहे एक वृद्ध किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची चंदवक पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कछवन गांव निवासी लालजी राजभर (60) पुत्र बेचन राजभर सोमवार की सुबह घर से कुछ दूरी पर स्थित अपने खेत में बोए गए गेहूं की फसल की सिंचाई करने के लिए निकले थे। दिनभर खेत में काम करने के बाद भी जब शाम तक वह घर नहीं लौटे तो परिजन चिंतित हो गए। उनकी पत्नी तिलरा देवी उन्हें खोजते हुए खेत के पास पहुंचीं, जहां उन्होंने अपने पति को खेत में अचेत अवस्था में पड़ा देखा।
यह दृश्य देखते ही पत्नी के होश उड़ गए और वह जोर-जोर से चिल्लाने लगीं। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल एंबुलेंस बुलाकर लालजी राजभर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीरीबारी ले जाया गया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही चंदवक पुलिस मौके पर पहुंची, आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत किन कारणों से हुई, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।