आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर।सामाजिक एवं आध्यात्मिक संस्था श्री सर्वेश्वरी समूह की नवीन शाखा भवन के भूमि पूजन दिवस के अवसर पर मंगलवार को सुक्खीपुर स्थित वृद्धाश्रम में सेवा एवं सहयोग का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान वृद्धजनों को फल, बिस्कुट तथा दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं वितरित की गईं, जिससे आश्रम में रहने वाले बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी झलक उठी।
कार्यक्रम की शुरुआत समूह के संस्थापक अघोरेश्वर महाप्रभु एवं वर्तमान पीठाधीश्वर गुरुपद बाबा के चित्र पर माल्यार्पण व विधिवत पूजन-अर्चन के साथ हुई। इसके पश्चात सेवा कार्य को आगे बढ़ाया गया। वरिष्ठ पदाधिकारी समरजीत सिंह ने इस अवसर पर कहा कि यह दिन श्री सर्वेश्वरी समूह के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि आज ही के दिन गुरुपद बाबा द्वारा रामराय पट्टी वनविहार मार्ग पर समूह की नवीन शाखा भवन के लिए भूमि पूजन किया गया था।
उन्होंने बताया कि श्री सर्वेश्वरी समूह मानवता की सेवा, लोगों के आध्यात्मिक विकास, प्रगति एवं कल्याण के लिए निरंतर समर्पित भाव से कार्य कर रहा है। निर्धन, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता करना समूह की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसी भावना के तहत वृद्धाश्रम में यह सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया।
शाखा उपाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह ने भी समूह की स्थापना के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज के कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशीलता और सेवा ही समूह की पहचान है। उन्होंने भविष्य में भी वृद्धाश्रम को यथासंभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर समूह के पदाधिकारियों द्वारा वृद्धाश्रम भवन के निर्माण हेतु आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में आश्रम के प्रबंधक रवि चौबे ने श्री सर्वेश्वरी समूह के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के सहयोग से वृद्धजनों का जीवन सहज और सम्मानपूर्ण बनता है।
इस मौके पर पूर्व शाखा मंत्री ओमप्रकाश सिंह, चंद्रभान सिंह, शिवपूजन सिंह, तेज प्रताप सिंह, गिरीश चंद्र सिंह, सीबी सिंह, भानु प्रताप सिंह, हृदय प्रताप सिंह ‘रानू’, धीरेंद्र सिंह, राणा प्रताप सिंह, प्रमोद जायसवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।