कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने आज विकास खंड कटेहरी स्थित खंड विकास अधिकारी कार्यालय के विभिन्न अनुभागों एवं पटलो का निरीक्षण कर विभिन्न योजनाओं की प्रगति एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम कार्यालय परिसर का भ्रमण करते हुए परिसर स्थित ग्राउंड को एक सुसज्जित एवं उपयोगी पार्क के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बेहतर पाथवे, आकर्षक फूल-पौधों, बैठने हेतु बेंच, समुचित स्ट्रीट लाइट एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थापना सुनिश्चित कर कार्यालय परिसर में स्वच्छ, सुन्दर एवं जनोपयोगी वातावरण प्रदान करने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने परिसर में स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित प्रेरणा कैंटीन का निरीक्षण किया। उन्होंने कैंटीन की साफ-सफाई, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता एवं संचालन व्यवस्था का अवलोकन किया तथा आय-व्यय की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने संचालकों को नियमित स्वच्छता बनाए रखने, गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने एवं पारदर्शी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। खंड विकास अधिकारी कार्यालय के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम रजिस्टर, कैश बुक, डेड स्टॉक रजिस्टर, क्षेत्र पंचायत रजिस्टर, ग्रांट रजिस्टर तथा सेवा पुस्तिकाओं के सत्यापन की स्थिति का गहन परीक्षण किया। साथ ही कार्यालय में प्रचलित निविदाओं (टेंडर) की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी वित्तीय वर्ष में आय सृजन से संबंधित नवाचारात्मक एवं प्रभावी कार्यों को योजनाओं में सम्मिलित करने पर विशेष निर्देश दिए।
मनरेगा कक्ष के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रचलित कार्यों, श्रमिक भुगतान, मास्टर रोल आदि अभिलेखों का अवलोकन किया तथा भुगतान प्रक्रिया को समयबद्ध एवं पारदर्शी बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त सहायक विकास अधिकारी (समाज कल्याण) कक्ष, एनआरएलएम कक्ष आदि का भी निरीक्षण कर योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विकास खंड में संचालित स्वयं सहायता समूहों की संख्या, उनके संचालन, आय सृजन गतिविधियों एवं उनसे प्राप्त लाभों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देशित किया कि स्वयं सहायता समूह की दीदियों को स्वरोजगार के विविध अवसरों की जानकारी प्रदान की जाए, उन्हें गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए तथा उनके उत्पादों के लिए बेहतर विपणन व्यवस्था विकसित की जाए, जिससे उनकी आय में वास्तविक वृद्धि सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी कटेहरी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।