देवल संवाददाता, आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में हरिऔध कला केंद्र में जनपद स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी त्योहारों महाशिवरात्रि, रमजान, होलिका दहन, होली, नवरात्रि, रामनवमी आदि के दृष्टिगत शांति एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने कहा कि होलिका दहन एवं होली के दौरान किसी भी प्रकार का विवाद, जबरदस्ती रंग डालना या शराब पीकर अभद्रता न हो। उन्होंने पुरानी रंजिश के मामलों में सख्त कार्रवाई करने और मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार सभी त्योहारों को शांतिपूर्ण संपन्न कराने पर जोर दिया। शिवरात्रि पर तमसा नदी के घाटों में जलाभिषेक स्थल पर साफ-सफाई, साइन बोर्ड, बैरिकेटिंग और सीसीटीवी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। मंदिरों में प्रवेश एवं निकास अलग-अलग बनाना, मेले में महिलाओं की सुरक्षा और लाइव किचन दूरी पर रखना आवश्यक बताया गया।
जिलाधिकारी ने सड़कों पर गड्ढों की मरम्मत, नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई, पार्किंग में अवैध वसूली रोकने, शोभायात्रा में डीजे की आवाज कानूनी सीमा में रखने और रमजान के दौरान नमाज स्थलों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। फायर विभाग कर्मचारियों की उपलब्धता, मोबाइल नंबर और गौशालाओं में चौकसी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने सोशल मीडिया अफवाहों पर ध्यान न देने, शहरी भीड़भाड़ वाले इलाकों में भारी वाहनों का प्रवेश रोकने, शराब पीकर वाहन चलाने वालों का चालान करने और शरारती तत्वों पर नियंत्रण रखने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन, अपर जिलाधिकारी वित्त/राजस्व, मुख्य राजस्व अधिकारी, पुलिस अधीक्षक नगर और ग्रामीण, जिला विकास अधिकारी तथा अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे। सभी को त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित रूप से संपन्न कराने का भरोसा दिया गया।