देवल संवाददाता, आजमगढ़। जिले के मेंहनगर थाना क्षेत्र में किशोरी को बहला-फुसलाकर अपहरण करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कई दिनों से फरार चल रहे आरोपी युवक को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया है।
बीते 27 जनवरी को दोपहर करीब एक बजे थाना मेंहनगर क्षेत्र के ग्राम रानीपुर से एक नाबालिग बालिका को गांव का ही युवक बहला-फुसलाकर भगा ले गया था। परिजनों की शिकायत पर 28 जनवरी को थाना मेंहनगर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई थी।
लगातार तलाश के बाद मंगलवार को उपनिरीक्षक इन्द्रजीत पटेल ने हमराहियों के साथ गश्त के दौरान मुखबिर खास की सूचना पर उटनी मोड़ गोपालपुर से वांछित अभियुक्त गोलू यादव पुत्र श्यामसुधार यादव निवासी ग्राम रानीपुर, थाना मेंहनगर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।