देवल संवाददाता, आजमगढ़। जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र में जमीन की दोबारा रजिस्ट्री कर धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार थाना दीदारगंज, जनपद आजमगढ़ में भूमि की दुबारा रजिस्ट्री कर धोखाधड़ी किए जाने के मामले में दर्ज मुकदमा में वांछित चल रहे अभियुक्त सैय्यद मोहम्मद मुस्लिम पुत्र सैय्यद सज्जाद हुसैन को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
यह मामला 11 फरवरी 2025 को वादी मोहम्मद शकील पुत्र मोहम्मद अकील, निवासी समसपुर की तहरीर पर दर्ज किया गया था, जिसमें आरोप लगाया गया था कि अभियुक्तों ने जमीन की दोबारा रजिस्ट्री कर फर्जीवाड़ा किया है। इस मुकदमे में कुल चार लोगों को नामजद किया गया था, जिनमें सैय्यद मोहम्मद मुस्लिम फरार चल रहा था।
आज मंगलवार को उपनिरीक्षक रामबहादुर यादव पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर हुब्बीगंज बाजार से अभियुक्त को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपना पता ग्राम समसपुर, थाना दीदारगंज, हाल पता बर्फखाना मिश्री का बाग, ठाकुरगंज लखनऊ बताया ।
पुलिस ने अभियुक्त को नियमानुसार हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।