देवल संवाददाता, गाजीपुर।शांति सर्वोदय पदयात्रा नेपाल से निकले जैन सन्त आज जनपद के तीसरे दिन जंगीपुर से बरहपुर नन्दगंज पहुँचे ,बरहपुर शिव मंदिर में नेपाल केसरी जैन मुनि डॉ. मणिभद्र मुनि जी महाराज ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए जीवन के गूढ़ रहस्यों को सरल शब्दों में साझा किया। श्री इशानेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित धर्मसभा में महाराज श्री का वक्तव्य आत्मचिंतन और शांति पर केंद्रित रहा।मुनि श्री ने कहा कि विश्व शांति का मार्ग किसी अस्त्र-शस्त्र से नहीं, बल्कि मनुष्य के भीतर के विचारों की शुद्धि से प्रशस्त होता है। जब तक मनुष्य का मन शांत नहीं होगा, समाज में सौहार्द लाना कठिन है।उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि जात-पात और संप्रदायों से ऊपर उठकर ‘मानव मिलन’ ही समय की पुकार है। एक-दूसरे के प्रति करुणा और सेवा का भाव ही हमें सच्चा इंसान बनाता है।महाराज श्री ने ग्रामीणों, विशेषकर युवाओं से अपील की कि वे नशे और बुराइयों का त्याग कर चरित्र निर्माण पर ध्यान दें। उन्होंने कहा, “चरित्रवान युवा ही सशक्त राष्ट्र की नींव रख सकता है।”जैन दर्शन के मूल मंत्र को दोहराते हुए उन्होंने कहा कि जीव मात्र पर दया करना ही धर्म का सार है।सभा मे भाजपा नेता योगेश सिंह ने कहा कि जैन सन्त की पदयात्रा का उद्देश्य केवल चलना नहीं, बल्कि सोई हुई मानवीय संवेदनाओं को जगाना है।महाराज श्री का आह्वान है कि यदि आपके छोटे से प्रयास से किसी के जीवन में सुख आता है, तो यही ईश्वर की सच्ची प्रार्थना है।कार्यक्रम में आये हुए आमजन का स्वागत ग्राम प्रधान प्रतिनिधि प्रतीक सिंह लव व संचालन प्रवीण सिंह कुश ने किया ।कार्यक्रम में मुख्य रूप से आशीष चौबे,शुभम सिंह बोनी ,रणधीर विश्वकर्मा ,राज पांडेय,शेखर जायसवाल उपस्थित रहे। महाराज श्री 24 फरवरी को प्रातः नन्दगंज से अपना पद यात्रा प्रारंभ करते हुए सैदपुर के सादी भादी 11 बजे पहुचेंगे जहा रात्रि विश्राम करेंगे।
अहिंसा और करुणा ही मानवता का सच्चा आधार-जैन सन्त डॉ. मणिभद्र मुनि महाराज
फ़रवरी 23, 2026
0
Tags