देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। जनपद में चल रहे विशेष प्रगाढ़ (एसआईआर) अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी बीएन सिंह ने कंपोजिट विद्यालय मल्टीस्टोरी बिल्डिंग राबर्ट्सगंज के मतदान केन्द्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कम्पोजिट विद्यालय के बूथ संख्या-49, 50 व 51 में ईआरओ द्वारा नोटिस पर की जा रही सुनवाई व नए मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने आदि प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्राप्त की और उन्होंने बीएलओ को निर्देशित करते हुए कहा कि नो मैपिंग वाले जिन मतदाताओं को नोटिस जारी की गयी है, वह निर्धारित तिथि पर निर्धारित स्थल पर उपस्थित हों, जिससे नोटिस सुनवाई की प्रक्रिया निर्धारित समय अवधि में हो सकें। इसके पश्चात जिलाधिकारी ने आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज में स्थापित बूथ संख्या 14, 15, 16, 17, 18, 19 एवं 20 का भी निरीक्षण किए। उन्होंने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची के पुनरीक्षण से संबंधित अभिलेखों, नोटिस वितरण एवं सुनवाई की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि ऐसे युवा जिनकी उम्र 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, और उनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के दौरान नो मैपिंग वाले मतदाताओं को नोटिस जारी की गई है तथा उनकी सुनवाई संबंधित बूथों पर निर्धारित तिथियों में ईआरओ द्वारा की जा रही है। जिलाधिकारी ने संबंधित मतदाताओं से अपील की कि वे अपने निर्धारित बूथ पर निर्धारित तिथि पर उपस्थित होकर सहयोग प्रदान करें। जिन मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में अशुद्ध, डुप्लीकेट अथवा त्रुटिपूर्ण हैं, वे भी बूथ स्तर पर उपस्थित होकर आवश्यक प्रपत्रों के माध्यम से अपने नाम शुद्ध कराएं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहें। मौके पर जिला विकास अधिकारी हेमन्त कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनन्द पांडेय, एआर को-आपरेटिव देवेन्द्र कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, तहसीलदार राबर्ट्सगंज अमित सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
