देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन सोनभद्र के सत्र 2025-2026 के चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। एल्डर कमेटी के अध्यक्ष श्रीनाथ सिंह एडवोकेट ने वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश कुमार यादव को मुख्य चुनाव अधिकारी नियुक्त किया है। मुख्य चुनाव अधिकारी के सहयोग के लिए सुरेश सिंह कुशवाहा एडवोकेट एवं राजकुमार सिंह पटेल एडवोकेट को सहायक चुनाव अधिकारी बनाया गया है।
एल्डर कमेटी की ओर से कहा गया कि चुनाव अधिकारी की जिम्मेदारी स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव संपन्न कराना है, जिसमें नामांकन से लेकर मतगणना और परिणाम घोषणा तक की पूरी प्रक्रिया शामिल होगी। मुख्य चुनाव अधिकारी राजेश कुमार यादव एडवोकेट ने बताया कि चुनाव के लिए समय सारणी घोषित कर दी गई है। इसी कम में नामांकन प्रपत्र के वितरण व जमा करने की तारीख
23 से 24 फरवरी तक निर्धारित है। नामांकन सूची का प्रकाशन व नामांकन प्रपत्र पर आपत्ति तथा नामांकन प्रपत्र की जांच व आपत्ति का निस्तारण 25 फरवरी को किया जाएगा। वैध नामांकन सूची का प्रकाशन, नामांकन प्रपत्र वापसी व अंतिम सूची का प्रकाशन 26 फरवरी को होगा। इसी तरह निःशुल्क मतदाता सूची का वितरण 27 फरवरी को व टेंडर मतदान 7 मार्च को होगा। मतदान की तिथि 9 मार्च 2026 को नियत की गई। मतदान के बाद इसी दिन मतगणना की प्रक्रिया पूर्ण कर विजेता प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी। बाद एल्डर कमेटी द्वारा विजयी प्रत्याशियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी जाएगी।
