आमिर, देवल ब्यूरो ,टी डी कॉलेज जौनपुर में 65वां वार्षिक खेलकूद समारोह महाविद्यालय परिसर स्थित उमानाथ सिंह स्टेडियम में हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि प्रबंध समिति के अध्यक्ष प्रोफेसर श्री प्रकाश सिंह रहे, जिन्होंने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि खिलाड़ियों को निरंतर प्रयास और नियमित अभ्यास करते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि सफलता उन्हीं को मिलती है जो अनुशासन, समर्पण और दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को खेल के साथ-साथ शिक्षा में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा दी।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर राम आसरे सिंह ने स्वागत भाषण में कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए खेलकूद अत्यंत महत्वपूर्ण है। खेलों से न केवल शारीरिक क्षमता बढ़ती है बल्कि नेतृत्व कौशल, टीम भावना और आत्मविश्वास का भी विकास होता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से छात्रों की छिपी प्रतिभाओं को उभरने का अवसर मिलता है।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
5000 मीटर दौड़ में अवनीश यादव ने प्रथम, नितिन गुप्ता ने द्वितीय और अभिषेक सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
1500 मीटर दौड़ में दीपक यादव प्रथम, नीलेश यादव द्वितीय और अनंत तृतीय स्थान पर रहे।
100 मीटर बालिका वर्ग में रिया कश्यप ने प्रथम, अंजली यादव ने द्वितीय तथा वंदना यादव ने तृतीय स्थान हासिल किया।
लंबी कूद महिला वर्ग में खुशबू यादव प्रथम, ऋषु यादव द्वितीय और मुस्कान चौहान तृतीय स्थान पर रहीं।
समारोह में सर्वजेता का खिताब कला वर्ग के विद्यार्थियों ने प्राप्त किया। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया, जिससे स्टेडियम में रोमांचक माहौल बना रहा।
समापन समारोह का संचालन प्रोफेसर अजय कुमार दुबे ने किया, जबकि अतिथियों के प्रति आभार ज्ञापन प्रोफेसर शेखर सिंह ने व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रो. हिमांशु सिंह तथा अनुशास्ता मंडल के समस्त सदस्य सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।
अंत में विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए और वार्षिक खेलकूद समारोह का विधिवत समापन किया गया।