देवल संवाददाता,आजमगढ़। जिले के मेहनाजपुर थाना क्षेत्र में शादी समारोह के बहाने आभूषण, कपड़े और नकदी चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि अभियुक्तों ने मंदिर में विवाह कराकर रात्रि विश्राम के दौरान सामान चोरी कर लिया था।
थाना मेहनाजपुर जनपद आजमगढ़ पर 21 जनवरी को बलजीत यादव पुत्र अनेक सिंह यादव, निवासी ग्राम करेला, पोस्ट कैथल, थाना चंदौसी, जनपद संभल द्वारा लिखित तहरीर दी गई थी। वादी ने बताया कि वह अपने विवाह के लिए लड़की देखने के प्रयास में अपने जीजा विजय पाल यादव के माध्यम से संपर्क में आया था। इसी क्रम में भूदेव कुशवाहा और हर्ष यादव के जरिए विजय कुमार नामक व्यक्ति से संपर्क हुआ, जिसने अनन्या कुमारी नामक युवती का फोटो भेजा।
फोटो पसंद आने पर गरीब लड़की का हवाला देते हुए खर्च के नाम पर एक लाख रुपये देने और मां पल्हमेश्वरी देवी मंदिर, पल्हना में शादी तय हुई।
19 जनवरी को मंदिर में विवाह संपन्न हुआ। रात्रि में ठहरने की व्यवस्था न होने पर दोनों पक्ष थाना मेहनाजपुर क्षेत्र के चकेरा परिसिनिया स्थित भोले बाबा मंदिर पहुंचे और एक कमरे में रुके।
रात में लड़की की उम्र 18 वर्ष से कम होने की जानकारी मिलने पर विवाद हुआ और बातचीत बंद हो गई। सुबह वादी पक्ष के जागने पर पाया गया कि लड़की पक्ष के लोग फरार हो चुके हैं और उनका एक बैग, जिसमें दो नई साड़ियां, कपड़े, जेवरात, 5000 रुपये नकद आदि समान थे, चोरी कर लिए गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान बुधवार को उपनिरीक्षक बेचू प्रसाद यादव ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर जियापुर पानी टंकी के सामने बंद होटल से तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में हर्ष यादव, विजय कुमार , और चंदा देवी निवासीगण ग्राम मटियरा, थाना बलुआ, जनपद चंदौली शामिल है। पूछताछ में सामने आया कि अभियुक्तगण पूर्व नियोजित तरीके से विवाह को माध्यम बनाकर धोखाधड़ी और चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।