देवल संवाददाता, मऊ। प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर सी.पी. आर्या ने बताया कि भारत सरकार के आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ और पारदर्शी बनाने के लिए 'आभा' कार्ड निर्माण की प्रक्रिया को अब और भी सरल कर दिया गया है। आम नागरिक अब किसी भी सरकारी अस्पताल का चक्कर लगाए बिना, अपने मोबाइल या कंप्यूटर की मदद से घर बैठे ही अपनी विशिष्ट स्वास्थ्य पहचान बना सकते हैं।
उन्होंने आभा (ABHA) आईडी के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि आभा आईडी 14 अंकों की एक विशिष्ट स्वास्थ्य संख्या है। यह आपके डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड का आधार है। इसके माध्यम से आप अपनी लैब रिपोर्ट,डॉक्टर के पर्चे और डिस्चार्ज समरी को डिजिटल रूप में सुरक्षित रख सकते हैं। इससे देश भर के अस्पतालों में इलाज के दौरान पुराने कागजी रिकॉर्ड ले जाने की ज़रूरत खत्म हो जाएगी।घर बैठे आभा आईडी बनाने की प्रक्रिया नागरिक नीचे दिए गए सरल चरणों का पालन करके स्वयं अपनी आईडी जेनरेट कर सकते हैं।
आधिकारिक पोर्टल पर जाएँ सबसे पहले 'ABHA App' डाउनलोड करें।आप आधार कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस का उपयोग कर सकते हैं।
अपना आधार नंबर दर्ज करें और पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त OTP दर्ज करें।विवरण सत्यापित होते ही आपकी 14 अंकों की आभा आईडी तैयार हो जाएगी, जिसे आप तुरंत डाउनलोड कर सकते हैं।आभा आईडी के प्रमुख लाभ
उन्होंने बताया कि डॉक्टर आपके पिछले इलाज के इतिहास को डिजिटल रूप से देख सकेंगे, देशभर के किसी भी अस्पताल में डॉक्टर को पुरानी फाइलें दिखाने की जरूरत नहीं होगी।आपकी सहमति के बिना आपका डेटा कोई भी नहीं देख सकता। आपका स्वास्थ्य रिकॉर्ड पूरी तरह एन्क्रिप्टेड है।अस्पताल की लंबी लाइनों से मुक्ति
कई अस्पतालों में 'स्कैन और शेयर' (QR Code) की सुविधा शुरू की गई है,जिससे ओपीडी पंजीकरण कुछ ही सेकंड में हो जाता है।भविष्य में सभी स्वास्थ्य योजनाओं और बीमा दावों का लाभ इसी आईडी के माध्यम से प्राप्त होगा।
आभा आईडी बनवाना पूरी तरह नि:शुल्क है। इसके लिए किसी भी व्यक्ति को कोई शुल्क न दें। यदि आधार में मोबाइल नंबर लिंक है, तो यह प्रक्रिया सबसे तेज होती है।
प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस डिजिटल मुहिम का हिस्सा बनें। उन्होंने कहा कि आभा आईडी न केवल एक कार्ड है,बल्कि यह आपके स्वास्थ्य की सुरक्षा का एक डिजिटल कवच है। प्रत्येक नागरिक को अपनी और अपने परिवार की आभा आईडी जल्द से जल्द बनवानी चाहिए।